खतौली। धोखाधड़ी करते हुए जमीन बेचने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस कुर्की की कार्रवाई करने में लगी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोर्ट के आदेशों की अवहेलना का मुकदमा भी दर्ज किया है।
दौराला में समोली रोड पर स्थित बंगला कालोनी निवासी अगरेश पाल ने थाने मुकदमा दर्ज कराया था कि उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए नीटू, वेदप्रकाश निवासी मंदवाडी थाना फलावदा आदि ने पुरानी हिस्सेदारी दिखाते हुए पौने तीन बीघे भूमि के स्थान पर साढे़ आठ बीघा भूमि बेच दी थी। जब जमीन पर कब्जा करने पहुंचे तो नीटू सहित वेदप्रकाश, बिजेंद्र उर्फ बब्लू निवासी हासिमपुर रामराज ने मारपीट की थी। पुलिस ने कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस वेदप्रकाश सहित बिजेंद्र उर्फ बब्लू को पकड़कर जेल भेज चुकी है, लेकिन नीटू उर्फ कृष्णपाल अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
कोर्ट से आरोपी के खिलाफ वारंट जारी हुए, लेकिन फिर भी वह न्यायालय में पेश नही हुआ। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 82 की कार्रवाई की। 82 की कार्रवाई कराते हुए उसके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया। उसके बाद भी आरोपी फरार चल रहा है। मामले की जांच कर रहे दरोगा हरपाल ने आरोपी के खिलाफ ने कोर्ट के आदेश की अवहेलना का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जल्द ही आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।