- गांव मुबारिकपुर मार्ग से तीन आरोपी गिरफ्तार, गोली लगने से एक घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसूरपुर। मंसूरपुर में शाहपुर मार्ग के गांव मुबारिकपुर मार्ग पर एसओजी तथा मंसूरपुर पुलिस की ई-रिक्शा बैटरी चोर गिरोह के तीन सदस्यों के साथ मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल सहित तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से एक बोलेरो पिकअप तथा दो कार, दो तमंचे तथा 18 विभिन्न कंपनियों की ई-रिक्शा की बैटरी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार अलसुबह मंसूरपुर पुलिस तथा एसओजी की टीम के साथ मुबारिकपुर मार्ग पर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली पैर में लगने पर एक बदमाश घायल हो गया तथा उसके दो साथी फरार हो गए, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार घायल बदमाश का नाम शहजाद उर्फ काला पुत्र दिलशाद निवासी किदवई नगर, मोहल्ला खालापार कोतवाली मुजफ्फरनगर है तथा उसके दो गिरफ्तार साथी इरफान पुत्र रमजान निवासी खादरवाला, थाना कोतवाली मुजफ्फरनगर तथा शादाब पुत्र अकील निवासी खालापार मुजफ्फरनगर हैं।
उनके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में कई मुकदमे कायम हैं। उनके पास से एक बोलेरो पिकअप, एक ईको कार तथा एक सेंट्रो कार तथा 18 विभिन्न कंपनियों की ई-रिक्शा की बैटरी, दो तमंचे तथा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी बदमाशों का चालान कर दिया है। यह गिरोह ई-रिक्शाओं से बैटरी चोरी करता था।