फरार सूकर चोरों का सुराग नहीं लगा सकी पुलिस
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में एक सूकर चोर को तो गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भिजवा दिया, लेकिन मौके से फरार दो आरोपियों का तीन दिन में भी सुराग नहीं लगाया जा सका। उधर, शहर कोतवाली पुलिस द्वारा सूकर चोर पकड़ने से एक दिन पहले ही चरथावल पुलिस ने भी अपने यहां सूकर चोरी करने का मुकदमा दर्ज किया है। जबकि यह घटना दस दिन पहले की है। पुलिस ने इस मामले में खेल कर दिया।
दरअसल, तीस जनवरी को गश्त के दौरान शहर कोतवाली पुलिस ने मुजफ्फरनगर-सहारनपुर जनपद की घलौली सीमा पर एक इनोवा गाड़ी से चोरी के पांच सूकर बरामद कर लुधियाना निवासी कर्मवीर को पकड़ा था। उसने यह सूकर बिजनौर के किरतपुर से चोरी कर लाना बताया था। उसके दो साथी बेहट अड्डे के पास रहने वाला सुभाष व घंटाघर के पास सहारनपुर में रहने वाला बाबू मौके से फरार हो गए थे। फरार आरोपियों का पुलिस तीन दिन में भी सुराग नहीं लगा सकी है।
उधर, सूकर चोर पकड़ने के इस मामले से चंद घंटे पहले ही चरथावल पुलिस ने भी सूकर चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। वहां पर कस्बा निवासी श्रवण का एक सूकर 19 जनवरी को चोरी कर लिया था। पुलिस को तहरीर उसी दिन दी थी। अब यह मामला दस दिन बाद दर्ज किया है। तो शहर कोतवाली पुलिस ने चरथावल की घटना का अपने यहां खुलासा करना दिखाया है। पुलिस ने लिखा , कि गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथियों की मदद से किरतपुर के साथ ही चरथावल से भी सूकर चोरी करना स्वीकार किया है। बताता गया, कि किरतपुर पुलिस को सूचना देने के बाद वहां से सूकर चोरी के मामले में कुछ लोगों ने शहर कोतवाली पहुंच कर जानकारी ली है। सीओ सिटी कुलदीप सिंह का कहना है कि दोनों फरार सूकर चोरों की तलाश में पुलिस जुटी है।