पूछताछ में मुराद से कुछ खास हासिल नहीं कर पाई पुलिस
देवबंद(सहारनपुर)। दिल्ली एयरपोर्ट पर 45 लाख रुपये की विदेशी करेंसी के साथ पकड़े गए मुराद आलम से लगातार पूछताछ में भी खुफिया विभाग के अधिकारी कुछ खास हासिल नहीं कर पाए। अब अधिकारी रिपोर्ट तैयार करने में जुटे हुए हैं।
चार दिन पूर्व टूरिस्ट वीजा पर दुबई घूमने के लिए देवबंद से निकले मुराद आलम को दिल्ली इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने चेकिंग के दौरान पकड़ लिया था। चेकिंग के दौरान मुराद के पास से 45 लाख रुपये की विदेशी करेंसी बरामद हुई थी। जिसे मूंगफली, बिस्कुट के पैकेट और भूने हुए मीट के अंदर छिपाकर रखा गया था। पूछताछ करने पर मुराद ने बताया था कि दिल्ली के एक व्यक्ति ने उसे यह बैग दिया था। उसे विदेशी करेंसी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि पूछताछ के दिल्ली अधिकारियों ने मुराद को छोड़ दिया। लेकिन उसके देवबंद पहुंचने पर खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने यहां उससे पूछताछ की। काफी कुरेदने के बाद भी मुराद के पास से अधिकारियों को कुछ खास हासिल नहीं हो सका। हालांकि इंटेलिजेंस हवाला कारोबार और सीएए के खिलाफ चल रहे धरने सहित अन्य मसलों को लेकर भी जांच कर रही है। इस मामले में एसपी देहात विद्या सागर मिश्र का कहना है कि खुफिया विभाग जांच रिपोर्ट तैयार कर रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही इसमें कुछ कहा जा सकता है। सभी बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है।