खतौली पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी जो अवैध शस्त्र बना रहा था।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुलिस ने पकड़ी अवैध शस्त्र फैक्टरी
मुजफ्फरनगर, खतौली। पुलिस ने छापा मारकर आम के बाग में चल रही अवैध शस्त्र फैक्टरी पकड़ी। मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है। उधर, पकड़े गए युवक का कहना है कि वह बरात में जा रहा था, रास्ते से उसे उठाया गया है।
शुक्रवार को प्रेसवार्ता में सीओ राकेेश सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर अवैध शस्त्र फैक्टरी पकड़ने के लिए लाला मुसद्दीलाल के आम के बाग की घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में जिसने अपना नाम वसीम निवासी इस्लाम नगर बताया है। उसके पास से दो देशी बंदूक खोखा सहित, एक रायफल, आठ तमंचे तैयार, चार तमंचे अधबने सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी पर खतौली थाने से ही तीन साल पहले एक मुकदमा दर्ज हुआ था। प्रेसवार्ता में लाए गए आरोपी से जब बात की गई तो उसने बताया कि वह शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था, पुलिस ने उसे जबरन उठाकर उस पर अवैध शस्त्र फैक्टरी चलाने का आरोप लगा दिया। उधर पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने बचाव में कहानी गढ़ रहा है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया है।