बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। मेरठ करनाल हाईवे पर गढ़ी सखावतपुर पुलिस चौकी द्वारा चेकिंग का विरोध कर कार सवार कई युवकों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। दो पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल ने पहुंच कर तीन हमलावरों को हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपी फरार हो गए।
मेरठ करनाल हाईवे पर गढ़ी सखावतपुर पुलिस चौकी के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को रोक लिया। सीट बेल्ट आदि न लगाने पर पुलिस ने उनका चालान काटने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर कार सवार ग्रामीणों की पुलिस के साथ झड़प हो गई। कार सवार ग्रामीण युवकों ने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। घटना की सूचना मिलते ही बुढाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस बल को देखकर कई कार सवार युवक मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने गांव जोगिया खेड़ा निवासी मुज्जमिल, तजम्मूल व हामिद को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि आरोपी चेकिंग करने का विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर कार सवार युवकों व पुलिस के बीच झड़प हुई। कार सवार युवकों ने पुलिसकर्मी अंकित व सूरज के साथ हाथापाई की तथा उनकी वर्दी फाड़ दी। मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए है।