हर्ष फायरिंग करने पर पुलिस ने युवक को पकड़ा
खतौली। शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने पर पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। फायरिंग करने को लेकर शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। बताया गया है कि युवक ने एयरगन से फायरिंग की थी, जिसकी आवाज गोली चलने जैसी थी।
रविवार को मोहल्ला सैनीनगर में लड़की की बरात आई हुई थी। विवाह का कार्यक्रम रेलवे रोड स्थित एक धर्मशाला में था। चढ़त के दौरान एक युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी। फायरिंग को लेकर बरातियों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया और थाने ले गई। जांच पड़ताल करने पर पता चला कि युवक ने एयरगन से गोली चलाई गई थी। बाद में मोहल्ले के लोगों के कहने पर पुलिस ने युवक को छोड़ दिया।