मुजफ्फरनगर। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने मुजफ्फरनगर और शामली में रसोई गैस (पीएनजी) और सीएनजी का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को राहत दी है। कंपनी ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के दामों में प्रति घन मीटर दो रुपये और कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) के दामों में प्रति किलोग्राम 50 पैसे की कटौती की घोषणा की है। इस फैसले से दोनों जनपदों के 65 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिलेगा।
आईजीएल कंपनी मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में पीएनजी की आपूर्ति करती है। कंपनी के जनपद प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर में 53,846 और शामली में 10,945 उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। पीएनजी के दामों में की गई दो रुपये प्रति घन मीटर की कटौती के बाद, उपभोक्ताओं को अब यह गैस 47.35 रुपये प्रति घन मीटर की दर से मिलेगी।
यह कटौती विशेष रूप से उन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण है जो रसोई गैस के रूप में पीएनजी का नियमित रूप से उपयोग करते हैं।
इनसेट
सीएनजी पर इस तरह मिलेगी राहत
सिर्फ पीएनजी ही नहीं, बल्कि सीएनजी का उपयोग करने वाले वाहन मालिकों को भी इस कटौती का लाभ मिलेगा। दोनों जनपदों में आईजीएल के 40 सीएनजी स्टेशन संचालित हो रहे हैं। कंपनी ने सीएनजी के दामों में प्रति किलोग्राम 50 पैसे की कमी की है। इसके परिणामस्वरूप, सीएनजी अब 85.58 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध होगी।
इनसेट
इस तरह सप्लाई की जा रही पीएनजी
आईजीएल ने गैस का मदर सेंटर शामली जिले के थानाभवन में बनाया है। यहां से चरथावल होते हुए शहर के ट्रांसपोर्ट नगर में बनाए गए सेंटर तक सप्लाई की जाती है। शहर के गांधीनगर, एटूजेड कॉलोनी, अग्रसेन विहार, हरि वृंदावन सिटी, जैन मिलन विहार, कंबलवाला बाग, महालक्ष्मी एंक्लेव, ओम पैराडाइज, संजय मार्ग, एसबीआई कॉलोनी, सुरेंद्र नगर, त्रिपति होम्स, ट्रांसपोर्टनगर और वर्धमान हॉस्पिटल रेजीडेंसी समेत अन्य स्थानों पर पीएनजी घरों तक पहुंच रहे हैं। विस्तारित क्षेत्र में भी लाइन बिछाई जा रही है।
इनसेट
क्या कहती हैं गृहणी
एटूजेड कॉलोनी में रह रही मान्या तायल ने कहा कि दाम कम होने से राहत मिलेगी। नए साल पर कंपनी ने उपभोक्ताओं के लिए सार्थक कदम उठाया है।
कॉलोनी की रहने वाली माही मेहता ने कहा कि पीएनजी के दाम कम होने से सहूलियत होगी। गृहणियों को लाभ होगा।