प्रतिबंधित नोट जमा कराने को लेकर सुजडू चुंगी स्थित पीएनबी की औद्योगिक शाखा पर जमकर बवाल हुआ। जिसमें तोड़फोड़, लाठीचार्ज, पथराव और फायरिंग हुई। एक बालिका और दो महिलाएं घायल हो गईं। गुस्साई भीड़ ने रोडवेज बस और दो कारों में भी तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने हवाई फायरिंग के साथ लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। करीब एक घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा।
हालात को देखते हुए आसपास के कई थानों का फोर्स मौके पर बुला लिया गया। बाद में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नोट जमा कराने और बदलने का कार्य हुआ। बैंक प्रबंधक और रोडवेज बस चालक की ओर से सिविल लाइन थाने पर तहरीर दी गई है, मगर पुलिस ने देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
यह बवाल शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे पंजाब नेशनल बैंक की सुजडू चुंगी स्थित औद्योगिक शाखा पर हुआ। सरकार के 500 और 1000 के नोटों पर प्रतिबंध लगाए जाने से नागरिकों में नोट जमा कराने और बदलवाने के लिए मारामारी मची है। इस शाखा पर भी शुक्रवार सुबह से ही ग्राहकों और सुजडू के ग्रामीणों की भारी भीड़ लगी थी। बैंक के अंदर आपाधापी मची थी। पुलिस वालों के समझाने पर भी भीड़ मानने को तैयार नहीं थी।
करीब 11 बजे भीड़ ने बैंक के अंदर कैशियर की विंडो को पकड़ा तो विंडो की जाली उखड़ गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को रोका तो कहासुनी के बाद तीखी नोकझोंक हो गई और मारपीट तक की नौबत आ गई। पुलिसकर्मियों ने लाठी फटकारी तो भीड़ उग्र हो गई। कैशियर की विंडो की ग्रिल और शीशा भी तोड़ दिया। जिस पर पुलिस ने लाठियां फटकारनी शुरू कर दी। जिससे वहां पर भगदड़ मच गई।
रुपये बदलने आई सुजडू की कुंगरपट्टी निवासी गर्भवती महिला खतीजा पत्नी सलीम अचानक अचेत होकर गिर गई। परिजनों के साथ लाइन में लगी कलवा की दो साल की बेटी मासूम आयशा का भी सिर फट जाने से वह लहूलुहान हो गई। आरोप है कि पुलिस की डंडे से बालिका घायल हुई। इसकी जानकारी पाकर सुजडू के काफी ग्रामीणों की भीड़ वहां पहुंच गई। भीड़ ने बैंक के सामने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। इसी बीच सूचना पर शहर के तीनों थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जाम लगाने वालों को हटाना चाहा तो गुस्साई भीड़ ने पुलिस और वाहनों पर पथराव कर दिया।
पथराव में दो कार और पानीपत से खटीमा जा रही मुजफ्फरनगर की रोडवेज बस क्षतिग्रस्त कर दी गई। पथराव होने से रोडवेज बस के यात्री दहशत में सीटों के नीचे घुस गए। इसी बीच पुलिस ने हवाई फायरिंग के साथ भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने भीड़ को दूर गांव तक खदेड़ दिया।
उधर, घटनास्थल के कुछ ही दूरी पर मकान की छत पर बैठी शुएब की पत्नी परवीन जहां भी सिर में कुछ लगने से घायल हो गई। आरोप है कि पुलिस की गोली का छर्रा महिला के सिर में लगने से वह घायल हुई। तीनों घायलों का जिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। गर्भवती को उपचार के बाद घर भेज दिया, जबकि बालिका और महिला को भर्ती कर लिया गया।
आसपास के थानों की पुलिस बुलवाई
बवाल की सूचना पाकर एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। मंसूरपुर, छपार, सिखेड़ा, पुरकाजी, चरथावल थानों की पुलिस को भी मौके पर बुला लिया था।
एक घंटे तक बाधित रहा बैंकिंग कार्य
बवाल के कारण एक घंटे तक बैंक में कार्य प्रभावित रहा। एसपी सिटी और एडीएम ने पुलिस की मदद से ग्राहकों की लाइन लगवाई तथा बैंक अधिकारियों को कार्य जारी रखने के निर्देश दिए।
एआरएम ने मौका मुआयना किया
रोडवेज बस में तोड़फोड़ की जानकारी मिलने पर एआरएम बीपी अग्रवाल ने भी मौके पर पहुंचकर बस का मुआयना किया और सीओ सिटी से वार्ता की। बाद में चालक प्रवीण कुमार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई।
रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई जारी
- पुलिस हमलावरों को चिह्नित कर रही है। बैंक शाखा प्रबंधक और बस चालक की ओर से तहरीर मिल गई है। पुलिस देर रात तक इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करेगी, कार्रवाई जारी है।
-तेजवीर सिंह, सीओ सिटी, मुजफ्फरनगर।