मुजफ्फरनगर। वेतन रोके जाने के बावजूद सफाई नायक की लापरवाही फिर से उजागर हुई है। ईओ ने रिपोर्ट मंगाई तो रविवार को आईटीआई के सामने फिर से कूड़े का ढेर मिला। जिसके बाद ईओ ने सफाई को कड़ी चेतावनी जारी की।
पालिका ईओ के निरीक्षण के दौरान शनिवार को आइटीआइ और एमडीए कार्यालय के सामने कूड़े का ढेर मिला था। ईओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित सफाई नायक सुनील के वेतन आहरण पर रोक लगा दी थी। उन्हें सफाई के विशेष निर्देश देते हुए आईटीआई के बाहर गंदगी के ढेर मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उन्होंने आसपास के दुकानदार और आईटीआई के छात्रों को भी इस मामले में ध्यान रखने और गंदगी होने पर उन्हें जानकारी देने के लिए कहा था। आईटीआई प्रधानाचार्य को भी आसपास सीसीटीवी कैमरे लगवाने का सुझाव दिया था। ताकि कूड़ा फेंकने वाले उसमें देखे जा सके। रविवार को ईओ ने इस मामले में रिपोर्ट ली तो उनकी जानकारी में आया कि उक्त स्थान पर फिर से कूड़ा डाला गया है। ईओ ने बताया कि इस मामले में सफाई नायक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।