शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण
मुजफ्फरनगर। शहर निवासी युवती को प्रेमजाल में फंसाने के बाद युवक ने शादी का झांसा देकर उसका कई माह तक शारीरिक शोषण किया। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने उसका गर्भपात कराते हुए शादी से इंकार कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने एसएसपी अभिषेक यादव को शिकायती पत्र देकर बताया कि करीब डेढ़ साल पूर्व बिजनौर जनपद के स्योहारा क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी रिंकू नामक युवक उनके यहां रंगाई-पुताई करने के लिए आया था। पीड़िता के अनुसार, घर में काम करते हुए युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और इसके बाद लगातार उससे मिलने आता रहा। इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ अनैतिक संबंध बनाने शुरू कर दिए। इसके बाद से आरोपी लगातार युवती का शोषण करता रहा। आरोप है कि इसके चलते युवती गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसका धोखे से गर्भपात करा दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती से शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता की गुहार पर एसएसपी ने शहर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।