ट्रैक्टर ट्रॉली पर ऑक्सीजन लगे मरीज का फोटो वायरल
मोरना (मुजफ्फरनगर)। मोरना क्षेत्र के एक कोरोना मरीज की हालत बिगड़ने पर परिजनों को सरकारी एंबुलेंस का लाभ नही़ं मिल पाया। हालात बिगड़ने पर मजबूरी में परिजन मरीज को ट्रैक्टर ट्रॉली से लेकर मोरना अस्पताल पहुंचे, जहां घंटों इंतजार के बाद एंबुलेंस आई और मरीज को गंभीर हालत में कोविड सेंटर ले गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ऑक्सीजन लगे मरीज का फोटो वायरल होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
इस बार कोरोना वायरस ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है। मार्च से अब तक कोरोना संक्रमित के हजारों मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। भीड़ में खड़े होना और मास्क नहीं लगाना आम लोगोें को देखा जा सकता है। जबकि स्वास्थ्य विभाग लापरवाही बरत रहा है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का एक मामला मोरना क्षेत्र में तब सामने आया, जब मोरना क्षेत्र निवासी एक कोरोना मरीज का ट्रैक्टर ट्रॉली में ऑक्सीजन लगे फोटो वायरल हो गया।
परिजनों ने बताया कि वह कई दिन से घर में ही आइसोलेट था। शुक्रवार को मरीज की हालत अचानक बिगड़ गई। मरीज के परिजनों ने 108 पर एंबुलेंस के लिए फोन किया, परंतु घंटों तक संपर्क नहीं हो पाया। मरीज की बिगड़ती हालात को देख कर परिजन ट्रैक्टर ट्रॉली में ऑक्सीजन का इंतजाम कर उसे लेकर मोरना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। इस बीच किसी ने मरीज के ट्रैक्टर ट्रॉली का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। लगभग दो घंटे का इंतजार करने के बाद एंबुलेंस पहुंची और मरीज को कोविड सेंटर में भिजवाया गया। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर क्षेत्रवासियों में रोष का माहौल है।