मुजफ्फरनगर। प्रदेश में अति पिछड़े और दलित समाज के लोगों पर कथित अत्याचार, उत्पीड़न और हत्याओं की घटनाओं के विरोध में भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा ने टाउन हॉल स्थित कार्यालय पर लट्ठ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने पदाधिकारियों को लट्ठ सौंपकर अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करने की शपथ दिलाई।
मोर्चा अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने कहा कि समाज के लोग न तो किसी पर अत्याचार करेंगे और न ही अपने ऊपर होने वाले अत्याचार को बर्दाश्त करेंगे। बहन-बेटियों की सुरक्षा, संविधान की रक्षा और अति पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए हमेशा आवाज उठाई जाएगी।
आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में दबंगों द्वारा अति पिछड़े और दलित समाज के लोगों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने जनपद सहित मेरठ, सहारनपुर, अमरोहा, गाजियाबाद, बिजनौर, शामली समेत प्रदेश के कई जिलों में हुई घटनाओं का हवाला दिया। चेतावनी दी कि समाज अब उत्पीड़न सहन नहीं करेगा और अन्याय के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करेगा।
प्रदेश प्रभारी रामपाल सिंह पाल, उपाध्यक्ष राकेश वालिया, जिलाध्यक्ष अंकुर सैनी, प्रभारी इंद्रमल प्रजापति, सुखपाल कश्यप, रामनिवास प्रजापति एडवोकेट, श्याम सुंदर प्रजापति, राजवीर सिंह प्रजापति शामिल रहे।