चोरी का खुलासा न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी
खतौली। तहसील परिसर स्थित चार अधिवक्ताओं के चैंबरों में दो दिन पूर्व हुई चोरी का खुलासा किए जाने की मांग को लेकर अधिवक्ता सोमवार को थाने पहुंचकर इंस्पेक्टर से मिले। अधिवक्ताओं ने दस दिन में चोरी का खुलासा न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
तहसील परिसर स्थित अधिवक्ताओं के चार चैंबरों में दो दिन पूर्व ताले तोड़कर इन्वर्टर-बैटरी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया था। मामले में अब तक पुलिस किसी तरह की सफलता हासिल नहीं कर पाई है। इसे लेकर सोमवार को खतौली तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चतरपाल व महासचिव दिमाग सिंह अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंचे। वहां अधिवक्ताओं ने इंस्पेक्टर एचएन सिंह से मिलकर चोरी का खुलासा किए जाने की मांग की। आरोप लगाया कि तहसील परिसर में अब तक पांच बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक एक भी घटना का खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है। यहां तक कि करीब चार साल पूर्व तत्कालीन अखिलेश सरकार के समय बच्चों को वितरित करने के लिए भेजे गए लैपटॉप भी तहसील परिसर से चोरी किए जा चुके हैँ, लेकिन यह मामला भी अब तक अनसुलझा ही है। अधिवक्ताओं ने दस दिन के भीतर चोरी की घटना का खुलासा न होने पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।