बुढ़ाना तहसील में जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते कोरी समाज के लोग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कोरी समाज का तहसील में प्रदर्शन
बुढ़ाना। कोरी समाज का जाति प्रमाणपत्र नहीं बनाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने तहसीलदार कार्यालय के सामने हंगामा व प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीणों ने तहसीलदार से मिलकर जाति प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के कोरी जाति के ग्रामीण मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे तहसील मुख्यालय पहुंचे। कोरी जाति के प्रमाणपत्र जारी नहीं किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने तहसीलदार कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्रमुख सचिव, शासन द्वारा वर्ष 2017 को कोरी जाति के जाति प्रमाणपत्र जारी करने के आदेश किए थे। एक अगस्त 2020 को भी प्रमुख सचिव द्वारा दोबारा आदेश जारी किए गए थे। आरोप है कि प्रदेश सरकार द्वारा आदेश जारी होने के बाद भी कोरी जाति के प्रमाणपत्र नहीं बनाए जा रहे है। उनकी बिरादरी के युवक व युवतियां तथा ग्रामीण जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। शासन का आदेश जारी होने के बाद भी अधिकारी उनके प्रमाण पत्र नहीं बना रहे हैं। समाज के युवकों को विभिन्न पदों पर आवेदन करने के लिए जाति प्रमाणपत्र की आवश्यकता है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण तहसीलदार मनोज कुमार सिंह से मिले। तहसीलदार ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि उच्चाधिकारियों से वार्ता कर उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। जल्दी ही उनकी जाति के प्रमाणपत्र जारी करवाए जाएंगे। तहसीलदार के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। इस मौके पर वेदपाल कोरी, देशपाल सिंह, सियानंद, विनय, दीपक, दिनेश कोरी, अशोक, अनिल कुमार, सुनील कुमार और मोहित कुमार आदि मौजूद रहे।