संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान एमआरएफ सेंटर का बेहतर संचालन न कर पाने के कारण वहां फैली गंदगी और उठती दुर्गंध से परेशान लोगों ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले कर्मचारियों का घेराव किया। हंगामा कर रहे लोगों ने सेंटर तक जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया। लोगों के समर्थन में आए किसान संगठन से जुड़े नेताओं ने धरना दिया।
शहर के रूड़की चुंगी वार्ड 15 के मोहल्ला एकता विहार में स्वच्छ भारत मिशन के तहत दो एमआरएफ (मल्टी रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर स्थापित कराए गए हैं। शहर में डोर-टू-डोर कलेक्शन और निस्तारण के लिए एक कंपनी से अनुबंध किया गया है। कंपनी एमआरएफ सेंटर का संचालन कर वहां से गीला और सूखा कूड़ा अलग करती है। कांवड़ यात्रा के दौरान सेंटर को सुचारू नहीं रखा गया। वहां पर एकत्र कूड़े से उठती दुर्गंध और गंदगी फैलने से लोगों में गुस्सा पनप गया।
कंपनी के लोग रविवार को वहां फिर से सेंटर संचालन के लिए कूड़ा लेकर पहुंचे थे, इसी बीच स्थानीय लोगों ने कूड़ा नहीं पहुंचने दिया और प्रदर्शन करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ऑपरेशन नितेश चौधरी ने बताया कि वह रविवार सुबह 10 गाड़ियों से सूखा कूड़ा लेकर एमआरएफ सेंटर पहुंचे थे, तो लोगों ने सेंटर की ओर जाने वाला रास्ता ही बंद कर दिया। भीड़ ने पूरी टीम को घेर लिया और विरोध शुरू कर दिया।
इसी बीच भारतीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे और उन्होंने नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। चेतावनी दी कि एमआरएफ सेंटर चलने नहीं दिया जाएगा।पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने तत्काल ही अधिकारियों को अवगत कराया और कुछ ही देर में शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने भी लोगों से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन हंगामा जारी रहा।
ईओ ने बताया कि कांवड़ यात्रा के बाद कंपनी सेंटर नहीं चला रही थी। कंपनी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया था। रविवार को अचानक कंपनी के लोग कूड़ा लेकर पहुंच गये। ईओ ने बताया कि स्थानीय लोगों से वार्ता की गई, सोमवार को इस मामले में वार्ड के लोगों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया है। आपसी सहमति बनाकर सेंटर का संचालन शुरू कराया जाएगा। विरोध जताने वालों में लोकेश राणा, सुनील, चंद्रपाल, समरपाल, संजीव आदि शामिल रहे।
एमआरएफ सेंटर से उठती दुर्गंध और गंदगी के विरोध में प्रदर्शन कर धरना देते एकता विहार के निवासी।