अब भी लोग लापरवाह, मार्केट में भीड़ बरकरार
मुजफ्फरनगर। कोरोना कर्फ्यू के तहत शनिवार को एक बार फिर पुलिस-प्रशासन नियमों का पालन कराने के लिए काफी सख्त रहा। सुबह के समय खुलने वाली आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलने से भीड़ तो बरकरार रही, लेकिन नियत समय के बाद आवाजाही रोकने के लिए खुद पुलिस सड़कों पर उतर आई।
कोरोना कर्फ्यू के तहत कई दिन से हो रही ढील के चलते लापरवाह हुए लोगों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन शनिवार को सख्त हो गया। सुबह से ही पुलिस ने शहर में लगातार गश्त करते हुए न केवल सुबह निर्धारित समय से पूर्व खुलने वाली दुकानों को बंद कराया, वहीं जो दुकानें आवश्यक सेवाओं में नहीं आतीं, उन्हें भी बंद करा दिया गया। जरूरी सामान की खरीदारी के लिए खुलने वाली दाल मंडी व सब्जी मंडी में भी सुबह से ही पुलिस ने गश्त करते हुए लोगों को कोविड गाइडलाइन का पालन करने के लिए आगाह किया, हालांकि इस दौरान इन स्थलों पर भीड़ बरकरार रही। वहीं, सुबह 11 बजते ही सभी थाना प्रभारी टीमों के साथ खुद सभी चौराहों पर बेरिकेडिंग लगाकर आवाजाही करने वाले लोगों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को बेवजह घूमने नहीं दिया गया। पूछताछ के बाद ही लोगों व वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। इसके साथ ही सड़कों पर खड़े ठेली विक्रेताओं को भी सख्ती दिखाते हुए निर्धारित समय के बाद हटा दिया गया। वहीं, शाम के समय एक बार फिर शहर क्षेत्र में सख्ती करते हुए लोगों की आवाजाही पर अंकुश लगाया गया। इस दौरान बिना वजह घूमने वाले लोगों के चालान भी काटे गए।
एक बार फिर बढ़ा कोरोना कर्फ्यू
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण की दर में गिरावट आने के बावजूद शासन ने एक बार फिर कोरोना कर्फ्यू का समय बढ़ा दिया है। 24 मई की सुबह सात बजे तक लगाए गए आंशिक कोरोना कर्फ्यू का समय बढ़ाकर अब 31 मई की सुबह सात बजे तक कर दिया गया है। हालांकि इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानें लगातार निर्धारित समयावधि तक खोली जाएंगी।