सड़कों पर घूम रहे लोगों को घरों में भेजा
शाहपुर। कोरोना लॉकडाउन की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने लोगों से घरों में ही रहने की अपील की। कुछ मोहल्लों में लोग घरों से बाहर निकल आए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को घरों में भेजा।
दुपहिया वाहनों पर बेवजह घूम रहे लोगों पर पुलिस ने सख्ती बरती। इन वाहनों के चालान काटने के अलावा कई वाहन सीज किए गए। प्रशासन के निर्देश पर सुबह छह बजे से नौ बजे तक आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलीं। एसडीएम बुढ़ाना कुमार भूपेंद्र सिंह एव सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने कस्बे में पहुंच जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दूसरी ओर स्थानीय गुड़ मंडी भी पूरी तरह बंद रही। गुड़ व्यापारियों ने कोल्हू संचालकों से कोल्हू न चलाने का आह्वान किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ एनपी सिंह ने बताया कि कस्बे एवं क्षेत्र में स्थिति बिल्कुल सामान्य है। क्षेत्र को सात जोन में विभाजित कर 120 कर्मियों की 40 टीमें बनाई गई हैं, जो गांव दर गांव जांच कर रही हैं। कस्बे में नगर पंचायत द्वारा विशेष सफाई व्यवस्था कराने के साथ कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया ।