पंजाबी समाज के लोगों ने पाकिस्तानी पीएम का पुतला फूंका
देवबंद (सहारनपुर)। पाकिस्तान में सिखों के पवित्र स्थल ननकाना साहिब गुरुद्वारे में भीड़ द्वारा पथराव किए जाने की घटना से पंजाबी समाज में भारी रोष है। शनिवार को पंजाबी समाज के लोगों ने रेलवे रोड पर प्रधानमंत्री इमरान खान का पुतला जलाकर पाकिस्तान के उक्त कृत्य पर रोष जताया।
रेलवे रोड़ स्थित लाजपत नगर कालोनी के तिराहे पर एकत्र हुए लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व नगराध्यक्ष गजराज सिंह राणा ने कहा कि पाकिस्तान में आए दिन अल्पसंख्यक हिंदू और सिखों पर जुल्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। वहां हिंदू और सिख युवतियों का जबरन धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। प्रो. गुरविंदर सिंह छाबड़ा और युवा पंजाबी क्लब अध्यक्ष गुरजोत सिंह सेठी ने कहा कि गुरुनानक देव जी के जन्मस्थान ननकाना साहिब के गुरुद्वारे पर सैकड़ों लोगों की भीड़ द्वारा पथराव करना और ननकाना साहिब का नाम बदलकर गुलाम मुस्तफा करने के बयान देने वाले लोग सिखों के ही नहीं अपितु इस्लाम और संपूर्ण मानवता के भी दुश्मन हैं।
हरविंदर सिंह बेदी और दलीप मल्होत्रा ने कहा कि जुल्मों के कारण वहां अब पाकिस्तान में केवल एक प्रतिशत हिंदू और सिख ही बचे हैं। पूर्व प्रधानाचार्य धर्मपाल महाजन एवं आईआईए के पूर्व चेयरमैन विजय गिरधर ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अल्पसंख्यक हिंदू एवं सिखों की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने की मांग की। इस दौरान लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। संचालन राजेश अनेजा ने किया।
पुतला दहन करने वालों में भाजपा नगराध्यक्ष विपिन गर्ग, सचिन छाबड़ा, विजय गिरधर, अरविंदर सिंह कपूर, दिनेश कुमार ऋषि, अमित तायल, अमित गर्ग, जसदीप सिंह नेगी, जसवंत सिंह, गुरजंट सिंह, सतीश अरोड़ा, चन्नी बेदी, मोहित मल्होत्रा, राजेश छाबड़ा, अजय निझारा, प्रिंस कपूर, सन्नी सेठी, विपिन नारंग, अमित तायल, अमित गर्ग, नितीन सिंह, अमनदीप सिंह, दीपक सलूजा, हैप्पी गाबा, राजपाल नारंग, राजपाल सिंह, अमृत सिंह कपूर आदि मौजूद रहे।