शहर में रात्रि निरीक्षण के दौरान अफसरों को रैन बसेरा के बाहर सोते मिले लोग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
रैन बसेरा के बाहर सोते मिले लोग
मुजफ्फरनगर। अधिकारियों ने शुक्रवार देर रात को रैन बसेरा, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ लोग रैन बसेरा के बाहर सोते मिले, जिनके लिए अधिकारियों ने रैन बसेरा के अंदर सोने का इंतजाम कराया।
एडीएम वित्त आलोक कुमार ने सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह, एसडीएम सदर दीपक कुमार के साथ शुक्रवार रात्रि दस बजे शहर में भ्रमण किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैँड और ओवरब्रिज के नीचे देखा कि सर्दी में कोई व्यक्ति तो नहीं सो रहा। इसके बाद अधिकारियों ने जानसठ ओवरब्रिज के नीचे बने रैन बसेरा और रेलवे स्टेशन के पास शेल्टर हाउस का निरीक्षण किया। रैन बसेरा के बाहर ही कुछ लोग सोते हुए मिले। जिस पर अधिकारियों ने उनके रैन बसेरा में सोने की व्यवस्था कराई। एडीएम ने बताया कि सर्दी के मौसम को देखते हुए शहर समेत सभी कस्बों में अलाव जलाने के निर्देश निकायों के अफसरों को दिए है।
सर्दी से मिली कुछ राहत
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को दिन में धूप निकलने और हवा कम चलने के कारण सर्दी से कुछ राहत मिली है। शुक्रवार को अधिकतम तामपान 26.2 और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बरसात होने और सर्द हवा चलने से बीते कई दिनों से तापमान कम हो गया था, जिससे ठिठुरन बढ़ गई थी। उधर, बरसात के बाद वायु प्रदूषण भी कम हुआ है। शुक्रवार को एक्यूआई 119 रहा, जो अच्छी स्थिति है।