लोग जेवर, जमीन गिरवी रख इलाज करा रहे: टिकैत
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने अमर उजाला की खबर कोविड हॉस्पिटल में लूट की छूट, नियम रहे टूट, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ट्वीट की है। टिकैत ने लिखा है कि लोग अपने जेवर और जमीन गिरवी रखकर इलाज करा रहे हैं। लगता है सरकार ने निजी चिकित्सकों के सामने घुटने टेक दिए हैं।
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने खबर को ट्वीट करने के बाद बताया कि गांव का गरीब और किसान इस समय कोविड हॉस्पिटल की लूट का शिकार है। आम आदमी के पास दो लाख एडवांस जमा करने की स्थिति नहीं है। अपने परिवार के लोगों को बचाने के लिए जेवर और जमीन गिरवी रख रहे हैं। कोविड हॉस्पिटल को लूट की छूट मिली हुई है, इनसे कोई पूछने वाला नहीं है। ऐसा लगता है सरकार ने इनके आगे घुटने टेक दिए है। हालात ज्यादा खराब हो चुके हैं, अब हम लोग ज्यादा दिन चुप नहीं रह सकते। आपदा को अवसर बनाने वालों पर सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।