ऑक्सीजन कैप्सूल से मरीजों को प्राणवायु मिलनी शुरू
मुजफ्फरनगर। मेडिकल कॉलेज में स्थापित किए गए लिंडा कंपनी के ऑक्सीजन कैप्सूल से कोविड में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन मिलनी शुरू हो गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने इसका शुभारंभ किया।
मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगरजपुर में स्थापित 20 हजार लीटर ऑक्सीजन की क्षमता वाले लिंडा कंपनी के इस कैप्सूल से 500 मरीजों को एक साथ ऑक्सीजन दी जा सकती है। एक मरीज को ऑक्सीजन देने के लिए मेडिकल कॉलेज में जो व्यवस्था होनी चाहिए, उसके हिसाब से अभी यहां 200 मरीजों को प्रेशर के साथ ऑक्सीजन दी जा सकती है। संजीव बालियान ने कहा कि इस पूरे अभियान में लिंडा कंपनी के अधिकारियों का सहयोग मिला है। जिस सिस्टम का स्थापित करने में छह माह लग जाते हैं, उसे इन्होंने 20 दिन में चालू कर दिया है। जिले में ऑक्सीजन की किल्लत भी इससे कम होगी। इस अवसर मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर गौरव स्वरूप, लिंडा कंपनी के सुरेंद्र सिंह, कॉलेज के अधीक्षक कीर्ति गोस्वामी आदि मौजूद रहे।