- गांव खांजापुर का मामला पुलिस ने बताया झूठा, शुरू कराई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव खांजापुर में रहने वाले पंडित सचिन शर्मा ने एक व्यक्ति पर उसकी चोटी काटने व लूट का आरोप लगाया है। पंडित ने एसएसपी व जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंच कर शिकायत की। पुलिस ने घटना को झूठा बताया है। एसएसपी ने सीओ सदर को जांच के आदेश दिए हैं।
गांव निवासी पंडित सचिन शर्मा अपने परिचित रेखा शर्मा, अश्विनी शर्मा, सुबोध, संजय आदि के साथ जिलाधिकारी व एसएसपी कार्यालय पर पहुंचा। उसने कहा कि दो सितंबर की शाम वह घर जा रहा था, तब खांजापुर में ही रहने वाले मोनू ने उसे रोक कर अभद्रता की और उसकी चोटी काटते हुए उससे पांच हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी की। पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना से वह और उसका परिवार डरा हुआ है।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने मामले को झूठा बताते हुए जांच कराई। जिसमें खुलासा हुआ कि पीड़ित नशे में प्रतीत हो रहे थे। चोटी काटने जैसी बात भी नहीं कही थी। लूट झूठी पाई गई है। सचिन शर्मा की पुलिस के पास वीडियो है, जिसमें पुलिस उसे मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने चलने की बात कह रही है और सचिन शर्मा पुलिस की बात नहीं मान रहे हैं। मामले में जांच चल रही है। एसएसपी संजीव सुमन ने भी सीओ सदर को जांच के आदेश दिए हैं। कार्यवाहक सीओ सिटी विनय गौतम का कहना है कि मौके पर जाकर जांच की, जिसमें चोटी काटने की पुष्टि नहीं हो सकी। अभद्रता और मारपीट करने के आरोप में आरोपी खांजापुर मोनू को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।