कुरावा गांव में मंदिर की दीवार तोड़कर मंदिर परिसर में टंकी के निर्माण में लगे जल निगम के कर्मचारी
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। कुरावा गांव के शिव मंदिर परिसर में अवैध रूप से पानी की टंकी के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने पानी की टंकी का निर्माण खाली पड़ी ग्राम पंचायत की भूमि में करवानेे की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है।
थाना फुगाना क्षेत्र के गांव कुरावा में ग्रामीणों की पेयजल की समस्या के समाधान हेतु पानी की टंकी स्वीकृत हुई है। जल निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने शनिवार को शिव मंदिर की दीवार तोड़कर मंदिर परिसर में प्रवेश किया। टंकी का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की टंकी का निर्माण ग्राम पंचायत की खाली पड़ी भूमि में करना चाहिए। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में टंकी के निर्माण को गलत बताया। ग्रामीणों ने शिकायती पत्र प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित उच्चाधिकारियों को भेज कर ग्राम पंचायत की भूमि में टंकी का निर्माण करवाने की मांग की। इस मौके पर पंकज कुमार, ओमेंद्र सिंह, किशन सिंह, अशोक, विरेंद्र, ब्रहमपाल, नरेश व तेजवीर सहित एक दर्जन ग्रामीण मौजूद रहे।