टमाटर और प्याज का भाव आसमान पर
मुजफ्फरनगर। सर्दियां शुरू होते ही स्थानीय सब्जियों की आवक बाजार में होने लगी है। इससे दाम में भी गिरावट आ गई है। टमाटर और प्याज को छोड़ दें तो अन्य सब्जियों के दाम काफी गिर गए हैं। गोभी सस्ती होकर 20 रुपये प्रति किलो पर आ गई है। इसके अतिरिक्त मूली, शलजम और पालक की भी बाजार में भरमार हो गई है।
इन दिनों स्थानीय सब्जियों की आवक बाजार में हो रही है। इसलिए दाम काफी कम हो गए हैं। रुड़की रोड स्थित मंडी के सब्जी विक्रेता सुभाष बताते हैं कि दिवाली के बाद सब्जियों की आवक बढ़ जाती है। अब बाजार में काफी सब्जी आने लगी है। इसलिए दाम गिर गए हैं। उन्होंने बताया कि कई सब्जियों पर औसतन 15 से 20 रुपये प्रति किलो तक की गिरावट आ गई है। दस दिन पहले तक गोभी भी 40 रुपये किलो बिक रही थी, जो अब 20 रुपये प्रति किलो पर आ गई है। पालक, शलजम, मूली तो दस रुपये किलो बिक रहे हैं। उधर, टमाटर 50 रुपये किलो ही बिक रहा है, जबकि छोटा प्याज 40 और बड़ा 50 रुपये प्रति किलो है। उन्होंने बताया कि सब्जियों के दामों में अभी और गिरावट आने की संभावना है।
सब्जियों के दाम रुपये प्रति किलो
सब्जी दाम
टमाटर 50
बैगन 20
खीरा 30
लौकी 20
गोभी 20
कद्दू 20
प्याज 40-50
आलू 12-15
मूली 10
शलजम 10
पालक 10
कच्चा पपीता 20
सेब के दाम 40 से 100 रुपये किलो तक
मुजफ्फरनगर। इन दिनों फल बाजार में सेब की भरमार है। भारी आवक होने के चलते दाम भी कम हैं। सामान्य सेब 40 रुपये किलो बिक रहा है जबकि अच्छी वैरायटी के सेब की कीमत 100 रुपये प्रति किलो है। नगर पालिका के पास के फल विक्रेता मोहम्मद मुस्तफा बताते हैं कि सेब के अतिरिक्त बाजार में अनार भी खूब आ रहा है। हिमाचल का अनार 80 से 120 रुपये तथा नासिक का अनार 120 से 200 रुपये किलो तक है। केला 50-60 रुपये दर्जन बिक रहा है। पपीते के दाम अभी अधिक हैं। यह 70-80 रुपये किलो है। शरीफा 100 रुपये तथा तरबूज 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।