संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। अलग-अलग स्थानों पर दो सड़क हादसे हुए। इनमें वहलना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार वहलना निवासी 45 वर्षीय रवींद्र उर्फ टीनू की मौत हो गई। उसका साथी गौरव घायल हो गया। वहीं, दूसरा हादसा बड़कली गांव के समीप हुआ।
रवींद्र व गौरव शुक्रवार देर रात बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर से गांव लौट रहे थे। उन्हें सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इसमें रवींद्र की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ले ली। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि परिजनों ने अभी हादसे की तहरीर नहीं दी है।
एक अन्य सड़क हादसे में बहेड़ी गांव में भट्ठे के मुनीम अश्वनी अपने साथी वीरेंद्र व मजदूर उचित मंडल को लेकर बाइक पर रोहाना जा रहे थे। बड़कली के समीप कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उचित मंडल का एक पैर कट गया। वहीं, वीरेंद्र को गंभीर चोट आई हैं। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
टॉप टेन अपराधी दबोचा
शाहपुर। थाना प्रभारी राधेश्याम यादव ने बताया कि पुलिसकर्मियों द्वारा चेकिंग के दौरान हरसौली रजबहे की पुलिया से थाने के टॉप टेन अपराधी हरसौली निवासी सोनू उर्फ दिलशाद को गिरफ्तार किया गया। उससे तमंचा व कारतूस बरामद किया। पुलिस ने उसका चालान कर दिया। संवाद
कच्ची शराब सहित गिरफ्तार
रामराज। थानाध्यक्ष अक्षय शर्मा ने बताया कि शनिवार को पुलिस पुट्ठी इब्राहिमपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। एक ट्यूबवेल पर एक युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने उससे प्लास्टिक की कैन में 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। पुलिस को उसने अपना नाम सोनू पुत्र विशंम्बर निवासी गांव हासिमपुर बताया। पुलिस ने उसका चालान कर दिया। संवाद