मुजफ्फरनगर। दिल्ली देहरादून हाइवे स्थित खतौली बाइपास पर ढाबे पर एक यात्री से एक चाय व दो पराठों के 460 रुपये वसूले गए। विरोध करने पर पिटाई की धमकी दी। पीड़ित ने शनिवार को संयुक्त विकास शोषित कल्याण संघ के कार्यकर्ताओं के साथ डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ढाबा संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नई मंडी के रथेडी निवासी आशु अल्वी मेरठ से सहारनपुर डिपो की बस में शुक्रवार को मुजफ्फरनगर आ रहे थे। बस चालक ने खतौली बाईपास पर एक ढाबे पर बस को रोक लिया। आशु अल्वी ने चाय व दो पराठे लिए। बिल देख कर वह चौंक गया। क्योेंकि बिल 460 रुपये का था।
उसने विरोध जताया तो ढाबा संचालक व कर्मचारियों ने उसे भुगतान न करने पर पिटाई करने की धमकी दी। मामला उलझते देखकर भुगतान कर दिया। आरोप है कि रास्ते में चेकिंग करने वाले रोडवेज अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की।
शनिवार दोपहर में संयुक्त विकास शोषित कल्याण संघ के साथ पीड़ित आशु अल्वी डीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि कहीं भी एक कप चाय और दो पराठों की कीमत 460 रुपये नहीं होती। ढाबा संचालक मनमानी कर यात्रियों से अपरोक्ष रूप से लूट कर रहे हैं। ढाबा संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। आरोप यह भी है कि बस चालकों ने ढाबा संचालकों के साथ मिलीभगत की हुई है। प्रदर्शन करने वालों में आशु अल्वी, पवन सैनी, ललिता चौधरी, शाहिद, मुमताज, सुरैया, मुन्नी, प्रवेश कुमार, संजय आदि मौजूद रहे।