कच्ची शराब बनाते एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
चरथावल। पुलिस ने मिलावटी शराब समेत शराब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी मौके से फरार हो गए। शराब तस्कर लॉकडाउन में शराब के ठेके बंद होने के कारण अवैध रूप से शराब बेचने में जुटे थे। दो बाइकों को भी सीज किया है।
सीओ सदर कुलदीप कुमार ने बताया कि बिरालसी चौकी क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर में मिलावटी शराब बनाने की खबर मिली। एसओ सूबे सिंह और चौकी प्रभारी संदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से रोनी हरजीपुर निवासी विजयपाल को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपी चकमा देकर मौके से फरार हो गए। आरोपी के कब्जे से 20 लीटर मिलावटी और कच्ची शराब, भारी मात्रा में लहन, यूरिया और शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। फरार आरोपियों में रोनी हरजीपुर का पिंटू और तितावी थाना क्षेत्र के पीपलशाह का खेमा को वांछित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी लॉकडाउन का फायदा उठाकर कच्ची शराब बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे।