दो अक्तूबर को पांच डलावघरों से शहर को मुक्ति
मुजफ्फरनगर। महात्मा गांधी की जयंती पर शहर को पांच स्थानों से पूरी तरह गंदगी मुक्त किया जाएगा। पालिका इन डलावघरों को बंद करने के लिए सफाई कर्मियों के सहयोग से अभियान चलाएगी। आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
नगर पालिका के नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि दो अक्तूबर को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहर के पांच डलावघरों को समाप्त किया जाएगा। इसके लिए सफाई कर्मचारी संघ से सहयोग मांगा गया है। ये वह डलावघर हैं जिनके पास ही दूसरे डलावघर हैं। इनमें हनुमान मंदिर मनु स्वीट्स के सामने का डलावघर, साईंधाम मंदिर के सामने का डलावघर, कॉल साहब के सामने का डलावघर, विकास भवन के बाहर का डलावघर और आर्य समाज रोड का एक डलावघर शामिल है।
एडीएम प्रशासन ने बताया कि हनुमान मंदिर के पास वाले डलावघर का कूड़ा सिटी सेंटर के डलावघर पर जाएगा जो कुछ ही दूरी पर है। आर्य समाज रोड पर दो डलाव घर है जिसमें एक रह जाएगा। विकास भवन के सामने और कौल साहब के घर के सामने का कूड़ा डीएम ऑफिस के सामने बने डलावघर पर जाएगा। साईंधाम के डलावघर का कूड़ा कलक्ट्रेट के डलावघर पर जाएगा। पालिका और सफाई कर्मियों से इसमें सहयोग मांगा गया है। पांच डलावघर समाप्त होने से शहर की जनता को काफी लाभ होगा। 26 से एक अक्तूबर तक सभासद, आम जनता का सहयोग लिया जाएगा। कूड़ा डालने वाले लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि सफाई कर्मी इस अभियान में सहयोग करेंगे।