मुजफ्फरनगर। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रमुख के चुनाव में प्रदेश सरकार ने गुंडागर्दी की तमाम हदें पार करके लोकतंत्र पर प्रहार किया है। विपक्ष पर फर्जी मुुकदमे दर्ज कर उसे डराया गया। 15 जुलाई को प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर सपा का हल्ला बोल होगा।
महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय पर हुई बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद की सभी तहसीलों पर जोरदार प्रदर्शन कर भाजपा सरकार की लोकतंत्र विरोधी साजिश को उजागर करेगी। पूर्व विधायक अनिल कुमार एवं चंदन चौहान, मुकेश चौधरी ने कहा कि बढ़ती महंगाई बेरोजगारी स्वास्थ्य सेवाओं की कमी से जनता जूझ रही है। हाजी लियाकत अली व श्यामलाल बच्ची सैनी ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब योगी सरकार की असंवैधानिक कार्यशैली को बर्दाश्त न कर कड़ा विरोध करेगी।
मेराज तेवड़ा, महानगर अध्यक्ष अलीम सिद्दीकी, अब्दुल्ला राणा ने कहा कि भाजपा सरकार का पतन शुरू हो चुका है। नवनिर्वाचित बुढ़ाना ब्लॉक प्रमुख के पुत्र विनोद मलिक का स्वागत किया गया। सपा नेता राकेश शर्मा के दो सगे सालों की ऋषिकेश में डूबने से मौत पर दुख जताते हुए बैठक में दो मिनट का मौन धारण किया गया। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सैनी, अंसार आढ़ती, सोमपाल भाटी, सचिन अग्रवाल, महेश बंसल, रविंद्र कुमार, उमेश त्यागी, राजीव, खुर्शीद, साजिद हसन, गौरव जैन, सतीश गुर्जर, नासिर राणा, फिरोज अंसारी मौजूद रहे।