दीपावली की सजावट की लिए रंगीन लाइटों से सजे बाजार स्रोत संवाद
मुजफ्फरनगर। दीपावली पर्व को लेकर बाजार सज गए हैं। इस बार घर और द्वार को सजाने के लिए झूमर और झरना झालर की सतरंगी रोशनी से बाजार चमक रहे हैं। बाजारों में खरीदारों की आवाजाही से खूब रौनक है। दिवाली पर्व की तैयारियों के लिए महिलाएं घरों को सजाने के लिए खरीदारी में जुटी हुई हैं। शहर के अंसारी रोड का इलेक्ट्रोनिक उत्पादों का बाजार, नई मंडी, गांधी कॉलोनी, भगत सिंह रोड समेत अन्य बाजारों रंगीन झालरों से सजे हुए हैं।
अंसारी रोड स्थित इलेक्ट्रानिक उत्पाद विक्रेता मुर्शीद ने बताया कि इस बार दिवाली के छोटे साइज के झूमर आए हैं। बल्ब वाली कंडील के डिजाइन को झूमर में तब्दील कर दिया गया है। आमतौर पर बड़े झूमर घर के इंटीरियर डिजाइन के हिसाब से लगाया जाता है। इनकी कीमत भी 20 से 25 हजार के आसपास होती है लेकिन दिवाली के लिए कम कीमत के झूमर कंपनियों ने तैयार किए है। यह दिवाली के बाद भी घर की सजावट और रोशनी के काम आएंगे।
नई मंडी स्थित दुकान विक्रेता शिवम ने बताया कि इस बार झरना झालर ग्राहकों की मांग में सबसे ज्यादा है। इसके अलावा, स्टार लाइट, फेयरी लाइट, राइस लाइट, स्मार्ट सेंसर लाइट, टेंपल लाइट, डोर लक्ष्मी गणेश लटकन, डबल लक्ष्मी गणेश लटकन, मल्टी एसएमडी लाइट शिवलिंग, लाइटिंग गणेश लक्ष्मी मूर्ति, पानी का दिया सहित रंग-बिरंगे एलईडी लाइट की भी मांग अधिक है।
दीपावली की सजावट की लिए रंगीन लाइटों से सजे बाजार स्रोत संवाद