बुढ़ाना के वृद्ध की मेरठ में कोरोना से मौत
बुढ़ाना ( मुजफ्फरनगर )। मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान कस्बा निवासी एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक कोरोना पॉजिटिव मिला है। एसडीएम और पुलिस की मौजूदगी में चिकित्सकों ने मृतक के परिवार के सभी सदस्यों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया। एसडीएम ने बताया कि मृतक के परिवार के सभी सदस्यों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।
बुढ़ाना कस्बा निवासी करीब 75 वर्षीय एक व्यक्ति कई माह से बीमार चल रहा था। उसका लीवर खराब बताया गया था। उसेपीलिया के लक्षण भी थे। पिछले करीब पांच दिन से वह बेड पर था। चार दिन पहले गंभीर अवस्था में वृद्ध को मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था। सोमवार को शाम वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को मृतक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने से परिवार में अफरातफरी मच गई।
इस घटना के बाद मृतक के मोहल्ले का बाजार बंद हो गया। घटना की पुष्टि होने पर एसडीएम कुमार भूूपेंद्र, ईओ ओमगिरि पुलिस बल के साथ मृतक के मोहल्ले में पहुंचे। पूरे मोहल्ले को सैनिटाइज करवाया गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। एसडीएम कुमार भूपेंद्र ने बताया कि बीमार वृद्ध की मौत के बाद आज जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैै। मृतक के परिवार के सभी सदस्यों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया है। परिजनों के सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। परिवार के सदस्यों से जानकारी ली जा रही है कि मृतक के संपर्क में कौन-कौन आए है, सभी को होम क्वारंटीन किया जाएगा। मृतक के परिवार में दूध व सब्जी देने वाले दुकानदारों की जानकारी की जा रही है। उन्हें भी होम क्वारंटीन किया जाएगा।