उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जनपद के गांव सोरम में खेत पर चारा लेने गई एक वृद्धा की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। एसडीएम बुढ़ाना ने मुआवजे का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सोरम निवासी सुनहरी (62 वर्ष) सोमवार सुबह पति विक्रम सिंह के साथ पशुओं का चारा लेने गांव के ही चंद्रपाल सिंह के खेत में गई थीं। जिस खेत में वह चारा काट रही थीं, वहां से काफी नीचे एचटी लाइन के तार जा रहे हैं, जो ईंख की फसल को लगभग छू रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार जैसे ही वृद्धा चारे की गठरी उठाने लगी तो वह एचटी लाइन के तार से छू गई। इससे करंट लगने से वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद वृद्धा का पति मौके पर पहुंचा, जिसने पत्नी को अचेत देख शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि एचटी लाइन के तार जंगल में खेतों की फसल को छूकर जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन किताबों के कारोबार पर ये खास रिपोर्ट, छपाई से लेकर बिक्री तक ऐसे होता है बड़ा खेल
इन तारों को ठीक कराने के लिए कई बार विद्युत निगम से शिकायतें की जा चुकीं हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसओ धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और महिला के शव को मोर्चरी भिजवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया। काफी देर तक हंगामा चलता रहने से एसडीएम बुढ़ाना कुमार भूपेंद्र सिंह पहुंचे। विद्युत निगम के अधिकारियों से वार्ता कर वृद्धा के परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। ग्रामीण शांत हुए और पुलिस शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज सकी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/