कन्या सुमंगला योजना के संबध में बैठक लेती डीएम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने अधिकारियों से कहा कि वह कन्या सुमंगला योजना को लेकर गंभीरता के साथ काम करें। आवेदनों के समय से पोर्टल पर फीडिंग किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि कन्या सुमंगल योजना में लाभ लेने के लिए छह श्रेणियां निर्धारित की गई है। प्रथम श्रेणी में बालिका के जन्म पर दो हजार रुपये एक मुश्त दिए जाएंगे। द्वितीय श्रेणी में बालिका के एक वर्ष तक के पूर्ण टीकाकरण के उपरांत एक हजार रुपये एक मुश्त दिए जाएंगे। तृतीय श्रेणी में कक्षा प्रथम में बालिका के प्रवेश के उपरांत दो हजार रुपये एक मुश्त दिए जाएंगे। चतुर्थ श्रेणी में कक्षा छह में बालिका के प्रवेश के उपरांत दो हजार एक मुश्त दिए जाएंगे। पंचम श्रेणी में कक्षा नौ में बालिका के प्रवेश के उपरांत तीन हजार एक मुश्त दिए जाएंगे तथा छठी श्रेणी के अंतर्गत ऐसी बालिकाएं जिन्होंने कक्षा 12 उत्तीर्ण करके स्नातक अथवा दो वर्षीय या अधिक अवधि के डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लिया हो उनको पांच हजार एक मुश्त दिए जाएंगे। उन्होंने एबीएसए को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में अध्यापकों द्वारा फार्म भरवाए जाएं। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिये प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एक-एक फार्म अवश्य भरवाएंगी। सभी बीडीओ व एसडीएम युद्धस्तर पर फार्म भरवाना सुनिश्चित करें और प्राप्त फार्मों की फीडिंग तत्काल कराई जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की कोई शिथिलता न बरती जाएं। बैठक में प्रभारी सीडीओ महेंद्र प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ पीएस मिश्रा, अपर जिला प्रोबेशन अधिकारी, एबीएसए, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, बीडीओ, डीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।