अब केवल ट्रैफिक पुलिस करेगी वाहन चेकिंग
मुजफ्फरनगर। जनपद में अब वाहनों की चेकिंग का अधिकार केवल ट्रैफिक पुलिस को होगा। इसके लिए कर्मचारियों की कमी दूर करने की कवायद के तहत जिले से 40 पुलिसकर्मियों का तबादला तत्काल प्रभाव से यातायात पुलिस में कर दिया गया है।
पुलिस विभाग द्वारा वाहनों की चेकिंग करने को लेकर मिलने वाली लगातार शिकायतों के मद्देनजर कुछ समय पूर्व शासन ने वाहन चेकिंग का अधिकार यातायात विभाग को दिया था। जनपद में शासन के इस आदेश का अनुपालन करने में यातायात विभाग में कर्मचारियों की कमी सबसे बड़ी बाधा बनी हुई थी। दरअसल, ट्रैफिक विभाग में केवल 27 कर्मचारी होने के कारण इस आदेश का अनुपालन संभव नहीं हो पा रहा था, जिसे लेकर शासन द्वारा हाल ही में जनपद पुलिस से नाराजगी जताई गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए सोमवार को एसएसपी अभिषेक यादव द्वारा जिले के 40 पुलिसकर्मियों का तत्काल प्रभाव से ट्रैफिक विभाग में स्थानांतरण कर दिया गया है। इन सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए ट्रैफिक विभाग में कार्यभार संभालने के निर्देश दे दिए गए हैं।