पूर्व विधायक माविया अली के पुत्र हैदर अली ने भेजा नोटिस
मीटर को खंभे पर लगाने को कानून के विरुद्ध बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। पावर कारपोरेशन बिजली चोरी रोकने को घरों पर लगे मीटरों को विद्युत खंभों पर लगा रहा है। जिसको लेकर विरोध भी हो रहा है। इसी बीच पूर्व विधायक माविया अली के पुत्र हैदर अली ने अधिशासी अभियंता को अपने अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भेजा है। जिसमें कहा गया है कि सरकारी आदेश के बिना यह कार्य किया जा रहा है। इस मामले में उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
सिविल कोर्ट के अधिवक्ता अमित पुंडीर की ओर से विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को भेजे नोटिस में मीटरों को खंभों पर लगाए जाने के कार्य को फर्जी व गलत बताते हुए उपभोक्ताओं को परेशान करने वाला कदम बताया है। साथ ही कहा कि खंभों पर मीटर लगवाना कानून के विरुद्ध है। इसकी वजह से बरसात के मौसम में खंभों में करंट आने के कारण कोई अप्रिय घटना होने की संभावना बनी रहेगी। नोटिस में कहा गया कि ऐसा कोई आदेश या नोटिफिकेशन सरकार की तरफ से जारी नहीं है। जनता को परेशान करने व अनुचित लाभ कमाने के लिए कार्य किया जा रहा है। जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि विद्युत खंभे पर मीटर लगाने का कार्य बंद नहीं किया गया तो नोटिस प्राप्ति के 15 दिन के भीतर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।