आज से नामांकन शुरू
मुजफ्फरनगर। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो रही है। दो दिन तक नामांकन पत्र जमा कराए जाएंगे। प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायत के सदस्यों के नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शाम पांच तक सभी ब्लॉक कार्यालय पर होगी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र कलक्ट्रेट में ही जमा कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत के वार्ड एक से 11 के नामांकन पत्र एडीएम प्रशासन के न्यायालय में जमा कराए जाएंगे। इसी प्रकार वार्ड 12 से 22 तक के नामांकन एडीएम वित्त के न्यायालय में जमा होंगे। वार्ड 23 से 33 तक के नामांकन न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी, चकबंदी के यहां जमा कराए जाएंगे। वार्ड 34 से 43 तक के उम्मीदारों के नामांकन पत्र चकबंदी अधिकारी सदर के न्यायालय में जमा कराएं जाएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि नामांकन भरने वाले उम्मीदवारों के लिए कोविड-19 के मद्देनजर मास्क लगाना अनिवार्य है। कोविड के सभी नियमों का पालन करना होगा। उधर, कलक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए बेरीकेडिंग करा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
चुनाव प्रचार सामग्री उतरवाई
मुजफ्फरनगर। मंगलवार शाम को एसडीएम दीपक कुमार ने सीओ सिटी कुलदीप कुमार सिंह, शहर इंस्पेक्टर योगेश शर्मा के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान सुजडू, वहलना ग्रामों में उम्मीदवारों द्वारा लगाई गई चुनाव प्रचार सामग्री को उतरवाया गया। पोस्टर, बैनर, होर्डिंग को पुलिस ने राजस्व कर्मचारियों के साथ मिल कर उतरवा कर कब्जे में ले लिया।
नोटिस जारी
मुजफ्फरनगर। एसडीएम दीपक कुमार की ओर से ओर से नई मंडी की कलानिधि प्रेस के प्रोपराइटर को नोटिस जारी किया है। एसडीएम ने बताया कि प्रिंटिंग प्रेस की ओर से चुनाव प्रचार सामग्री छापने के लिए आरओ से अनुमति लेना जरूरी है। इसके अलावा सामग्री पर कुल संख्या और प्रेस का नाम और पता लिखना भी अनिवार्य है। ऐसा नहीं होने पर संबंधित प्रेस के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।