नगर के सरवट क्षेत्र में निरीक्षण करते कृषि विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। प्रमुख सचिव कृषि एवं जिले के नोडल अधिकारी अमित मोहन प्रसाद ने शहर की सफाई व्यवस्था को देखा। तहसील सदर का निरीक्षण करते हुए अभिलेखागार, भूलेख कक्ष को देखने के बाद प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। सरवट में पेयजल परियोजना की प्रगति को जाना।
नोडल अधिकारी ने तहसील में राजस्व अभिलेखागार में बस्ता खुलवाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में किसानों से प्राप्त घोषणपत्रों आदि दस्तावेजों का निरीक्षण किया। उन्होंने ई कंप्यूटर कक्ष, न्यायालय तहसीलदार न्यायिक कक्ष, न्यायालय तहसीलदार सदर कक्ष, संग्रह अनुभाग में जाकर बडे़ बकायेदारों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारों से वसूली की जाए। उन्होंने बीआरसी सेंटर का निरीक्षण किया। आदेश किए कि खतौनी व विरासत के मामले लंबित न रखे जाए तत्काल उनका निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कोर्ट रूम का निरीक्षण करते हुए कहा कि पुराने वादों का निस्तारण कराया जाए। इसके पश्चात प्रमुख सचिव ने तहसील सदर के प्रांगण में जामुन का पौधा लगाया।
प्रमुख सचिव ने शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए गाजावाली पुलिया से रैदासपुरी वार्ड नंबर एक की गलियों में स्थानीय लोगों से सफाई व्यवस्था के बारे में बात की। उन्होंने नागरिकों से प्लास्टिक व पॉलिथीन प्रयोग न करने की अपील करते हुए कहा कि सभी अपने घर के आस पास स्वयं भी सफाई अभियान चलाये ताकि शहर स्वच्छ रहे। उन्होंने ईओ को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने सरवट ग्राम में जाकर पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने ग्राम वासियों को दिए जा रहे पानी में क्लोरीन की मात्रा की जांच, कितनी क्लोरीन पानी में डाली जाती है और किस प्रकार डाली जाती है का परीक्षण अपने सामने कराया। मौके पर डीएम सेल्वा कुमारी जे, सीडीओ आलोक यादव, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एसडीएम सदर अनुज मलिक आदि रहे।