मंसूरपुर में शुगर मिल का गन्नों से खाली पड़ा कैन यार्ड।
- फोटो : KHATAULI
शुगर मिल में नो केन की स्थिति
मंसूरपुर। पेराई सत्र के आरंभ में ही मंसूरपुर शुगर मिल में आवश्यकता के अनुसार गन्ना आपूर्ति न होने के कारण शुगर मिल नो केन की समस्या से जूझ रही है। इससे शुगर मिल को प्रतिदिन लाखों रुपयों का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शुगर मिल के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार दीक्षित तथा गन्ना महाप्रबंधक बलधारी सिंह ने बताया कि मंसूरपुर शुगर मिल में मांग के अनुसार गन्ना आपूर्ति नहीं हो पा रही है। शुगर मिल में 75 हजार क्विंटल गन्ने की प्रतिदिन आवश्यकता है, जबकि आपूर्ति केवल 40 से 45 हजार क्विंटल करने की हो रही है। उन्होंने बताया कि गेट पर बहुत कम आपूर्ति हो रही है। अब तक शुगर मिल गेट पर एक लाख 32 हजार क्विंटल गन्ने का इंडेंट भेजा जा चुका है, लेकिन आपूर्ति मात्र 35 हजार क्विंटल गन्ने की हुई है। किसानों की मांग थी कि मिल को अक्तूबर महीने में चलाया जाए, जिससे किसान अपने खेत खाली करके गेहूं की फसल बो सकें। मिल अक्तूबर के महीने में प्रारंभ हो गई है, अगर किसान समय से गन्ना मिल में नहीं डालेंगे तो मिल जल्द शुरू करने का कोई लाभ नहीं होगा।