खतौली। तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर चस्पा की गई मतदाता सूची पर बुधवार को चार आपत्ति आई। अब आपत्तियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई। जिन मतदाताओं के खिलाफ आपत्ति आई हैं, उनको नोटिस देकर तीन दिन का समय देते हुए जवाब मांगा जाएगा।
तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर आमसभा की बैठक में एल्डर कमेटी में अध्यक्ष चतरपाल सिंह और मोहम्मद अरशद एवं रामचंद्र सैनी को सदस्य बनाया गया है।
मंगलवार को 101 सदस्यों वाली मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया, जिनमें मंगलवार को पांच आपत्ति दर्ज की गई थी। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन उपाध्याय ने बताया कि बुधवार को भी चार आपत्ति दर्ज की गई हैं।
मतदाता सूची में शामिल जिन नामों के विरुद्ध आपत्ति आई हैं, उनको नोटिस देकर तीन में जवाब दाखिल करने का समय दिया जाएगा। आपत्ति दाखिल कर्ता जवाब से संतुष्ट न होने पर बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश से दिशा निर्देश मांगे जाएंगे। इस मामले को लेकर बार एसोसिएशन कार्यकारिणी के चुनाव का समय बढ़ सकता है। इस हालात को देखते हुए विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशियों की बेचैनी बढ़ गई है।