संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। एटूजेड रोड क्षेत्र में बुखार के एक रोगी में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में फ्लू के रोगियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। पॉजिटिव पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रेस्पांस टीम ने रोगी के घर पर पहुंचकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जनपद में फ्लू का दायरा धीरे-धीरे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निजी पैथोलॉजी लैब में जांच के बाद एक ओर मरीज में इंफ्लुएंजा-ए-एच-1 एन-1 की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि रोगी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
रैपिड रेस्पांस टीम की ओर से रोगी के संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी ली जा रही है। एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शमशेर आलम ने बताया कि आम तौर से नजला-खांसी के लक्षण वाले लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। अब तक पॉजिटिव पाए गए अधिकतर रोगी स्वस्थ हो चुके हैं।
मंडलायुक्त ने रोकथाम के लिए जारी किए दिशा निर्देश
मंडलायुक्त डॉ.रूपेश कुमार ने स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं। अपर मुख्य सचिव अमित कुमार के निर्देशों का हवाला देते हुए स्वाइन फ्लू की दवा की ओवर दि काउंटर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दवा के आधार पर भी रोगियों की संख्या का पता लगाया जाए।