भोपा के जनता इंटर कालेज में एनसीसी परीक्षा में प्रतिभाग करने को तैयार खड़े एनसीसी कैडेटस
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, भोपा। कस्बे के जनता इंटर कॉलेज में एनसीसी की ‘ए’ प्रमाण पत्र परीक्षा का आयोजन किया गया। लिखित परीक्षा के पश्चात प्रयोगात्मक परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें लगभग 39 एनसीसी कैडेट्स ने प्रतिभाग किया।
82 यूपी एनसीसी बटालियन मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में कर्नल सुगंध शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं दिशा निर्देशन में ‘ए’ प्रमाणपत्र परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा प्रभारी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने बताया कि एनसीसी सैन्य विभाग का ही एक अभिन्न अंग है। इससे कैडेटों में देश एवं समाजसेवा का जज्बा पैदा होता है। एनसीसी के ‘ए’ प्रमाणपत्र धारी कैडेटों को विविध रक्षा सेवाओं में पांच अंकों का बोनस मार्क मिलते हैं, जो फाइनल मेरिट में जोड़े जाते है। इससे पूर्व विद्यालय प्रांगण में एनसीसी कैडेटों की ‘ए’ प्रमाणपत्र परीक्षा का आयोजन किया गया। सबसे पहले एक घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। उसके पश्चात प्रयोगात्मक परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें मानचित्र अध्ययन, ड्रिल, आपदा प्रबंधन, वृक्षारोपण, रक्तदान, समाज सेवा, युद्ध कौशल आदि से संबंधित परीक्षात्मक प्रशिक्षण के दौर से गुजरना पड़ा। परीक्षा में लगभग 39 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कैप्टन अरविंद कुमार, सूबेदार अक्षय कुमार, फर्स्ट ऑफिसर रमन सिंह सहित सैन्य विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।