- जिले में चार केंद्रों पर 1531 विद्यार्थी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) की परीक्षा का आयोजन आज होगा। इसके के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 1531 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति का अवसर प्राप्त होगा।
पटल प्रभारी भुवन कुमार ने बताया कि पीईटी की परीक्षा के साथ आज जिले में एनएमएमएस परीक्षा भी कराई जाएगी। परीक्षा का आयोजन आर्य कन्या इंटर कॉलेज, शिक्षा सदन कन्या इंटर कॉलेज, एमएम इंटर कॉलेज और जैन कन्या इंटर कॉलेज में होगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आठवीं के विद्यार्थी आवेदन करते हैं। सातवीं में 55 फीसदी या उससे अधिक अंक प्राप्त करना जरूरी है। एससी और एसटी के अभ्यर्थियों को इसमें पांच फीसदी की छूट है। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा नौ से 12वीं तक पढ़ाई के दौरान 500 रुपये प्रति माह का छात्रवृत्ति मिलती है।