बसपा के कैडर कैंप में मौजूद राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी।
- फोटो : अमर उजाला
बुढ़ाना के एक वैंक्वेट हॉल में बूथ स्तरीय कैडर कैंप में बोलते हुए बसपा के प्रतिपक्ष नेता हाजी नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश के गन्ना किसानों की हालत बद से बदतर हो गई है। चीनी के दाम अधिक होने के कारण मिल मालिक पैसा कमा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भू-माफिया और गुंडों का राज है। कहा कि देश के प्रधानमंत्री अपनी पत्नी के नहीं हुए वो देश के क्या होंगे। महंगाई में जनता को दाल रोटी नसीब नहीं हो रही है। उन्होंने बुढ़ाना से घोषित प्रत्याशी आरिफ को जिताने का आह्वान किया।
सिद्दीकी बुढ़ाना विधान सभा से बसपा के प्रत्याशी मोहम्मद आरिफ जौला की ओर से आयोजित एक दिवसीय बूथ स्तरीय कैडर कैंप और रोजा इफ्तार कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा कि किसानों का चीनी मिलों पर 300 करोड़ रुपया बकाया चल रहा है। पिछले छह वर्षों में इस वर्ष चीनी के दाम सबसे अधिक हैं।
उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार जब आई थी उस समय गन्ने का दाम 110 रुपये कुंतल था। सरकार के अंतिम वर्ष में 280 रुपये प्रति कुंतल का दाम किसानों को दिया गया था। सपा की सरकार ने इस घटा दिया गया है। कहा कि सपा और भाजपा हिंदू-मुसलमानों को लड़ाने की राजनीति करती हैं। सपा की सरकार ने छोटे बड़े 300 दंगे हो चुके हैं।
उन्होंने बुढ़ाना विधान सभा से प्रत्याशी मोहम्मद आरिफ को जिताने का आह्वान किया। कैडर कैंप में विधायक नूरसलीम राना, अनिल कुमार, मौलाना जमील कासमी, यशवीर गौतम, नरेश गौतम, अरविंद गौतम, कमलेश गौतम, प्रदीप सैनी, धर्म सिंह सैनी, जनेश्वर प्रसाद, हाजी जमशेद आदि मौजूद रहे।