संप्रेक्षण गृह से भागने वाले किशोरों के मुकदमे से निकाले नाम
मुजफ्फरनगर। बाल सुधार गृह से भागने वाले तीनों किशोरों के नाम पुलिस ने मुकदमे से निकाल दिए हैं। मुकदमे में नामजद कराए तीनों होमगार्ड ने जमानत करा ली है। बाल सुधार गृह के सहायक अधीक्षक ने अभी तक जमानत नहीं कराई है।
19 अप्रैल को शहर के आर्यपुरी स्थित बाल सुधार गृह से सुबह सफाई के दौरान तीन किशोर दीवार फांद कर फरार हो गए थे। दो किशोर अगले ही बरामद कर लिए थे। उन्हें बाल कल्याण बोर्ड के सामने पेश किया गया था। वहां से उन्हें जमानत मिल गई थी। फरार किशोर ने तीन दिन बाद बाल कल्याण बोर्ड में आत्मसमर्पण कर दिया था। इस किशोर के मामले में शहर कोतवाली पुलिस बाल कल्याण बोर्ड पहुंची थी। तब बोर्ड ने इसे तीनों किशोरों का अपराध मानने से इनकार कर दिया था। बाल कल्याण बोर्ड के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने तीनों किशोरों के नाम इस मुकदमे से निकाल दिए हैं।
सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में तीनों किशोरों के नाम मुकदमे से निकाल दिए है। नामजद होमगार्ड को जमानत मिल गई है। बाल सुधार गृह के सहायक अधीक्षक को लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
इनके खिलाफ हुआ था मुकदमा
तीनों किशोरों के अलावा बाल सुधार गृह पर तैनात होमगार्ड राजेंद्र, नफीस व सुशील और बाल सुधार गृह (राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर) के सहायक अधीक्षक आशाराम निवासी गांव परेवसाह, थाना रोनाही, जिला फैजाबाद को नामजद किया गया था। मुकदमा भी सहायक अधीक्षक आशाराम ने दर्ज कराया था।