सामूहिक रूप से नहीं होगी नमाज और कुर्बानी
बुढ़ाना। शांति समिति की बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने कहा कि बकरीद की नमाज व कुर्बानी सामूहिक रूप से नहीं की जाएगी। ईद की नमाज व कुर्बानी सभी अपने-अपने घरों में करेंगे। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ईद-उल-अजहा के मद्देनजर कोतवाली परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक का आयोजन हुआ। इस मौके पर सीओ विनय गौतम की मौजूदगी में कई विषयों पर चर्चाएं और मंथन हुए। कानून व्यवस्था चाक चौबंद करने के साथ ही व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीओ ने कहा कि सभी अपने-अपने घरों में बकरीद की नमाज अदा करेंगे। कुर्बानी भी अपने-अपने घरों में करेंगे। अधिशासी अधिकारी ने आश्वासन देते हुए कहा कि पानी व सफाई की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के अवशेष गलियों में न डालें। इस मौके पर सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजेश संगल, विनोद सैनी व अतहर हसन सहित कस्बा व देहात क्षेत्र के जिम्मेदार लोग व ग्राम प्रधान मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन धनप्रकाश त्यागी ने किया।