दो साल बाद किसानों के वारंट आने से आक्रोश
चरथावल। थानाभवन स्थित शुगर मिल पर दो साल पूर्व धरना देने के मामले में किसानों के खिलाफ वारंट जारी होने पर भारतीय किसान संगठन ने रोष जताया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने पांच मार्च को थानाभवन में महापंचायत करने का एलान किया है।
बृहस्पतिवार शाम रोनी हरजीपुर में संगठन की मीटिंग हुई। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि दो साल पूर्व थानाभवन शुगर मिल गेट पर गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का धरना प्रदर्शन चला था। आरोप है कि तब किसानों पर फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया था। जबकि गन्ना मंत्री सुरेश राणा की मौजूदगी में दोनों पक्षों का सुलहनामा कराकर मामले का पटाक्षेप उसी समय हो गया था। इसके बावजूद पुलिस ने मामले में कोर्ट में चार्जशीट भेज दी और संबंधित कोर्ट से किसानों के वारंट जारी हो गए। बैठक में चरथावल, बघरा और थानाभवन क्षेत्र के किसान एकत्र हुए। किसानों ने कहा कि प्रशासन ने वादाखिलाफी करते हुए किसानों के वारंट कराए है। जिस पर किसान चुप नहीं बैठेंगे। इस मुद्दे पर महापंचायत में आगामी रणनीति पर विचार किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता ललित राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक सोम, ब्लॉक अध्यक्ष बबली शर्मा, काका राणा, राजेंद्र राणा, प्रधान कप्तान सिंह, दीपक राणा, कुशलपाल सिंह, अब्दुल वाहिद और वेदपाल सिंह मौजूद रहे।