ड्रोन की अफवाहों के बीच गांवों में लोग पहरा दे रहे हैं। इसी बीच कवाल गांव में पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। पति दरवाजे से बाहर निकला तो पत्नी ने दरवाजे की कुंडी लगा ली और सो गई। पति दरवाजे पर बैठा था। तभी अंधेरे में संदिग्ध व्यक्ति जानकर कुछ लोगों ने शोर मचा दिया और पति की पिटाई कर दी।
पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद यह मामला सामने आया। घर के अंदर से दरवाजे की कुंडी लगाकर पत्नी सोने चली गई। दरवाजा खुलने के इंतजार में पति घर के सामने ही बैठ गया। देर रात करीब एक बजे गांव में पहरा दे रहे ग्रामीण उधर से गुजरे तो पहचान नहीं कर सके। संदिग्ध व्यक्ति देखकर ग्रामीणों ने ललकारा।
ग्रामीणों से बचने के लिए युवक पास के खेत में छिप गया, इससे लोगों का शक और अधिक बढ़ गया। ग्रामीण खेत में पहुंचे और युवक की पकड़कर पिटाई कर दी। बाद में मामला खुला तो उसे उसके घर तक छोड़कर आए। मामला चर्चा का विषय बना रहा।
कई जगह ड्रोन की अफवाह
बुढ़ाना क्षेत्र के गांव खेडा मस्तान निवासी शोभित का कहना है कि शुक्रवार रात उन्होंने अपने घर के पीछे जंगल में कई संदिग्ध व्यक्ति देखे। फुगाना निवासी बबलू ने भी संदिग्ध लोगों को देखे जाने का दावा किया। टांडा माजरा निवासी नीटू ने बताया कि लोगों को जागरूक करते हुए पहरा भी दिया जा रहा है। पुलिस भी लोगों को समझा रही है। उधर, बिलासपुर में ड्रोन का शोर मच गया।