देवबंद (सहारनपुर)। पुलिस ने सोमवार रात वाहन चेकिंग दौरान मुठभेड़ में मुजफ्फरनगर के एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से जनवरी में देवबंद क्षेत्र से लूटी कार, तमंचा व कारतूस बरामद किए। पुलिस ने उसे जेल भिजवा दिया।
कोतवाल अशोक सोलंकी ने बताया कि ग्राम इमलिया रणखंडी पुलिया चौराहा पर पुलिस टीम उनके नेतृत्व में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रात करीब 11.30 सामने से एक कार आती दिखाई पड़ी। पुलिसकर्मियों ने कार रुकवाने का प्रयास किया। इस पर कार सवार युवक ने डराने के मकसद से दो राउंड हवाई फायर किए। पुलिसकर्मियों ने हिम्मत दिखा उसे घेरकर पकड़ लिया। उसने अपना नाम आशु पुत्र नरेश जैन निवासी कृष्णापुरी (मुजफ्फरनगर) बताया। मुजफ्फरनगर से उसका रिकार्ड खंगाला गया। पता चला कि आशु जैन पर मुजफ्फरनगर और शामली के थानों में लूट, गैंगस्टर और पुलिस मुठभेड़ के करीब 9-10 मुकदमे दर्ज हैं। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके कब्जे से 18 जनवरी को देवबंद के घलौली मोड़ से लूटी गई कार के अतिरिक्त तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उसे जेल भिजवा दिया। पुलिस टीम में धर्मेंद्र कुमार, मनोज कुमार, अवशेष भाटी, अफजाल, माइकल, सौरभ धामा, सचिन कुमार, कुलदीप कुमार व राहुल कुमार आदि शामिल रहे।