मेरठ के प्रसिद्ध डॉक्टर मलय शर्मा समेत अन्य आरोपियों पर लाल दयाल पब्लिक स्कूल के उप प्रबंधक राजवीर सिंह वर्मा ने गंभीर आरोप लगाए थे। अब सीएम को पत्र भेजकर जान को खतरा जताया और पुलिस की मिलीभगत का आरोप भी लगाया है।
खतौली स्थित लाल दयाल पब्लिक स्कूल दयालपुरम के उप प्रबंधक राजवीर सिंह वर्मा ने मेरठ के डॉक्टर मलय शर्मा और उनकी साली प्रधानाचार्य ममता दत्त शर्मा पर आरोप लगाया कि वे स्कूल कब्जाना चाहते हैं। खतौली सीओ रामाशीष यादव और थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार शर्मा भी जानलेवा हमला करने वालों के साथ मिले हुए हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा कि संत बाबा लाल दयाल की स्मृति में स्कूल का संचालन कर रहे हैं। स्कूल की तत्कालीन प्रधानाचार्य ममता दत्त शर्मा, पीटीआई और कुछ अन्य बाहरी लोगों ने हमला किया था। एक माह से ज्यादा बीत जाने के बावजूद मुख्य अभियुक्त के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
सीओ रामाशीष यादव और थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी आरोपियों से साठगांठ किए हुए हैं। ममता दत्त शर्मा के खिलाफ पहले भी कई बार सीओ और कोतवाल को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन इन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसी वजह से जानलेवा हमला हुआ।
आरोप लगाया कि ममता दत्त शर्मा के जीजा मेरठ निवासी डॉक्टर मलय शर्मा के खिलाफ मेरठ के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज होते रहे हैं। इन मुकदमों में डॉ. मलय और उनकी पत्नी मृदुला शर्मा ज़मानत पर रिहा हैं। डॉ. मलय शर्मा की थाना खतौली के अधिकारियों समेत अन्य पुलिसकर्मियों से लगातार फोन पर बातचीत चलती रही है। इसी दबाव में पुलिस ने ममता दत्त शर्मा के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। अब पुलिस ममता दत्त और इसके सहयोगियों को मुकदमे से बाहर निकालने का भी षड्यंत्र कर रही है।
जान का खतरा बताया
सीएम को भेजे पत्र में कहा कि ममता दत्त शर्मा, डॉ. मलय शर्मा, उनकी पत्नी मृदुला शर्मा, बहनोई बीडी शर्मा, पुत्री श्रेया शर्मा, यशा शर्मा, ममता के पति सुशील शर्मा, पुत्र अभिषेक शर्मा, पुत्री डॉ. अनुश्री, मयंक दत्त, शशांक दत्त, अंकित प्रताप, श्रीकांत, सबा और आशीष चौधरी से जान का खतरा बना हुआ है। आरोप लगाया कि हत्या की साजिश रची जा रही है।
यह है मामला
लाल दयाल पब्लिक स्कूल के संचालक राजबीर सिंह वर्मा टीटू पर 19 मई को स्कूल में ही उनके कार्यालय में हमला कर घायल कर दिया गया था। स्कूल चेयरमैन कर्मवीर सिंह ने 20 मई को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें प्रधानाचार्य ममता दत्त शर्मा, सुपरवाइजर ट्रांसपोर्टर श्रीकांत, पीटीआई आशीष, चालक अजीत, रोबिन, शिक्षिका शैली, प्रमोद, रवि मास्टर, पंकज को नामजद करते हुए तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।
तीन आरोपी हैं फरार
कोतवाली पुलिस ने बताया कि इस मामले में ममता दत्त शर्मा तथा शैली को कोर्ट से स्टे मिल गया था। जबकि आरोपी प्रमोद, अजीत तथा पंकज कोर्ट में आत्मसमपर्ण कर जेल चले गए थे। रोबिन को गिरफ्तार कर उसका चालान किया गया था। इस मामले में रवि मास्टर, आशीष, श्रीकांत फरार चल रहे हैं।
ये बोले डॉ. मलय शर्मा
डॉ. मलय शर्मा का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है। स्कूल से उनका कोई संबंध नहीं है। प्रधानाचार्या ममता शर्मा रिश्ते में मेरी साली है। इसके अलावा उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।